रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के संभावित देवघर आगमन को लेकर सोमवार, 05 अक्टूबर को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी दौरे को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। उपायुक्त ने मुख्य रूप से विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से जुड़े तमाम बिंदुओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और यातायात व्यवस्था इस तरह बहाल रखी जाए जिससे वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को भी असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिया कि प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी निर्धारित कार्यों को समय सीमा के भीतर और उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। वीआईपी मूवमेंट से जुड़े आवश्यक प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, ट्रैफिक डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।







