BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डाक पार्सल की आड़ में हो रही थी अवैध शराब की तस्करी, बासकुपी मोड़ पर पिकअप पलटी तो ग्रामीणों ने लूटी बोतलें


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पालोजोरी (देवघर) : पालोजोरी-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। शनिवार-रविवार की देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच खागा थाना क्षेत्र के बासकुपी मोड़ के पास अवैध शराब से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं और अंधेरे का फायदा उठाकर आसपास के लोगों ने बोतलें लूट लीं।

बताया जाता है कि दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के घरों में सो रहे लोगों की नींद खुल गई। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि बंद बॉडी वाली एक पिकअप पलटी हुई है, जिस पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था। वैन के अंदर बिना लेबल वाली शराब की बोतलें भरी थीं, जो सड़क पर बिखर गई थीं।

ज्ञात हो कि तस्करों ने पुलिस और प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए पिकअप वैन (नंबर JH 10 CF 2760) पर ‘डाक पार्सल’ लिखवा रखा था। इसी की आड़ में अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही खागा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीण अधिकांश बोतलें ले जा चुके थे। पुलिस को मौके से 180 एमएल की 500 पीस प्लास्टिक बॉटल, 180 एमएल की करीब 50 कांच की बोतलें और 375 एमएल की 20 बोतलें ही मिलीं। पुलिस ने बची हुई शराब और दुर्घटनाग्रस्त वैन को जब्त कर थाने ले आई है।

हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और तस्करों की पहचान करने में जुट गई है। इस घटना से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार का एक बार फिर खुलासा हुआ है।