दुमका के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में AI लैब का उद्घाटन, NotebookLM से बच्चों ने बनाकर दिखाया वीडियो प्रेजेंटेशनफोटो
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, दुमका में नवनिर्मित AI लैब का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उपायुक्त खुद लैब में बैठे और बच्चों से संवाद कर जाना कि वे इस सुविधा का पढ़ाई में कैसे इस्तेमाल करेंगे।
बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ AI के जरिए पढ़ाई का डेमो दिया। उन्होंने बताया कि AI की मदद से कठिन विषयों को आसान भाषा में कैसे समझा जा सकता है। मौके पर ही उपायुक्त के कहने पर छात्रों ने Google NotebookLM से एक विषय पर वीडियो और स्लाइड प्रेजेंटेशन बनाकर दिखाया। बच्चों ने बताया कि NotebookLM में PDF और टीचरों का कंटेंट अपलोड कर सवाल पूछे जा सकते हैं और किसी भी टॉपिक को दोबारा अपनी सुविधा से पढ़ा जा सकता है।
बता दें कि दुमका जिला प्रशासन को नीति आयोग के यूज केस चैलेंज में उत्कृष्ट नवाचार के लिए चुना गया था। 9 अक्टूबर 2025 को LBSNAA, मसूरी में उपायुक्त को यूज केस चैलेंज अवार्ड और पुरस्कार राशि मिली थी। उसी राशि से इस AI लैब के लिए गैजेट्स और तकनीकी संसाधन खरीदे गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि AI भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण तकनीक है। आज के बच्चों के लिए इसकी जानकारी जरूरी है। बच्चों को इसका सही, जिम्मेदार और रचनात्मक उपयोग सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुमका के बच्चे IIT, NEET के साथ UPSC में भी सफल होकर IAS-IPS बनें, यही लक्ष्य है।
इस दौरान बच्चों ने उपायुक्त से फर्राटेदार अंग्रेजी में बात की, जिससे उपायुक्त काफी प्रभावित हुए। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्राचार्य को निर्देश दिया कि शिक्षकों को AI आधारित शिक्षण की ट्रेनिंग दी जाए और बच्चों को AI टूल्स के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया जाए।






