असनबनी कटेली में 19 सितंबर को मनेगा करमा महोत्सव, तैयारियों को लेकर हुई बैठक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : जरमुंडी प्रखंड के सिंहनी पंचायत अंतर्गत असनबनी कटेली गांव में रविवार को करमा पर्व को लेकर भुइयां घटवाल घटवार आदिवासी संघर्ष मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रविकांत राय ने की, जिसमें समाज के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष करमा पर्व 19 सितंबर को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान करमा पर्व की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि करमा पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि समाज की संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, प्रकृति की पूजा और सामूहिक एकता का संदेश देता है। इसे हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सामूहिक सहभागिता और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा।
बैठक में विजय सिंह, हरि प्रसाद राय, ब्रह्मदेव राय, श्याम कुमार राय, मणिकांत राय, राजू राय, महेंद्र राय, सीताराम राय, राम प्रसाद राय, सुधीर सिंह, रामानंद राय, राजेश राय, तुलसी राय सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।






