पालोजोरी में खेलो झारखंड प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन एथलेटिक्स में बच्चों ने दिखाया दम
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : खेलो झारखंड के तहत पालोजोरी के अनारकली प्लस टू स्कूल में शुक्रवार से दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन बीईईओ अमिताभ झा, बीपीओ नारायण मंडल, शिक्षक अशोक रजवार और सेवानिवृत्त शिक्षक परेश चंद्र राय ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया।
बीईईओ अमिताभ झा ने कहा कि खेलकूद हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, यह बच्चों के मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास को बढ़ावा देता है। खेलो झारखंड का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना है ताकि वे प्रखंड, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।
बीपीओ नारायण मंडल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है। उचित प्लेटफॉर्म के अभाव में कई प्रतिभाएं दब जाती हैं। प्रखंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला और राज्य स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, गोला फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद, 100 मीटर से 3000 मीटर दौड़ आदि का आयोजन बालक और बालिका दोनों वर्गों में किया जा रहा है। विजेता बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।
पहले दिन के आयोजन को सफल बनाने में बीआरपी विवेक सिंह, आरटी जितेंद्र कुमार, शिक्षक स्नेहवीर, अली हुसैन, मुकेश साह, मुस्ताक अंसारी, मनोज मंडल आदि सक्रिय रहे। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा।






