मधुपुर नगर परिषद की बोर्ड बैठक विकास और त्योहारी तैयारियों पर कई अहम प्रस्ताव पारित
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर (देवघर) : नगर परिषद सभागार में मंगलवार को नगर परिषद बोर्ड की बैठक अध्यक्ष दरक्शां परवीन की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
पिछली दो बैठकों में गुटबाजी और तनातनी के माहौल के बीच यह बैठक करीब चार घंटे चली, जिसमें सभी पार्षदों ने अपनी बातों को बेहतर तरीके से रखा।
इस दौरान उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज और कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की सफाई, लाइट क्रय, डोर-टू-डोर कचरा उठाव, सामुदायिक शौचालय निर्माण, होर्डिंग लगाने तथा टाउन हॉल के संचालन समेत कई मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
त्योहारी सीजन और दुर्गा पूजा के मद्देनजर सभी वार्डों में अतिरिक्त सफाई कर्मी बढ़ाने और विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, वहीं डोर-टू-डोर कचरा उठाव से संतुष्टि न होने पर भुगतान रोकने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। नगर विकास विभाग द्वारा प्रस्तावित सामुदायिक शौचालय मधुपुर थाना और न्यू बस स्टैंड पर बनाने तथा चौक पर यूरिनल निर्माण हेतु स्थान चयन पर सहमति बनी।
वार्डों में नाली, पीसीसी सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, कर्मियों के स्थानांतरण पत्राचार और नवनिर्मित टाउन हॉल का अगले तीन माह नगर परिषद द्वारा संचालन (₹25,000 किराया व ₹20,000 सिक्युरिटी) करने के प्रस्ताव पारित किए गए।
वहीं डाक बंगला मैदान में मेला लगाने की मांग को खारिज कर मैदान को बेहतर बनाए रखने का निर्णय लिया गया, जबकि मृतक दैनिक कर्मी की तीन विधवा आश्रितों को झाड़ूदारानी नियुक्ति हेतु प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और त्योहारी तैयारियों को लेकर एक स्वर में विचार रखे, जिसमें नगर परिषद के पदाधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।






