देवघर पुलिस को बड़ी सफलता; कोरियासा मैदान में हथियार तस्करी की योजना नाकाम,
• कार्बाइन मशीन गन के साथ कुख्यात सूरज सिंह गिरफ्तार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : देवघर पुलिस ने हथियार तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को 10 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंडा थाना अंतर्गत कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधकर्मी अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के इरादे से जुटे हैं। सूचना के आलोक में एसपी के निर्देश पर छापामारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे एक अपराधी को खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बदन पर बाएं तरफ गंजी के अंदर छुपाया हुआ एक थैला बरामद हुआ। थैले को खोलने पर काले रंग की एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान सूरज कुमार सिंह, उम्र 28 वर्ष, पिता भरत सिंह, साकिन रोहिणी परमेश्वर चौक, थाना जसीडीह, जिला देवघर के रूप में हुई है।
इस संबंध में कुंडा थाना कांड संख्या- 112/2026 दिनांक 10.09.2026 धारा 25(1-B)a/26/35 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सूरज का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में देवीपुर थाना कांड संख्या-137/19 दिनांक 19.08.2019 धारा- 392 भा0द0वि0 लूट कांड तथा बाँका उत्पाद थाना के शराब तस्करी मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने इनके पास से
1. कार्बाइन मशीन गन - 01
2. कार्बाइन का मैगजीन - 02
3. I-tel कंपनी का कीपैड मोबाइल - 01 बरामद करने का दावा किया है।
छापेमारी दल में शामिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) कुलदीप कुमार, पु0नि0 सह थाना प्रभारी जसीडीह दीपक कुमार, पु0अ0नि0 थाना प्रभारी कुंडा प्रशांत कुमार, स0अ0नि0 शिवयतन मुर्मू, आरक्षी रियाजुल हक, आरक्षी 296 चंदन कुमार साहा, आरक्षी 731 प्रवीण कुमार, चौ0 05/12 अनिल मंडल और चौ0 05/01 सच्चिदानंद मंडल शामिल थे।






