सारठ में तेज आंधी में गिरा विशाल पेड़, duringकार सवार बाल-बाल बचे
• एक घंटे तक लगा जाम
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अचानक चली तेज हवा से पथरड्डा ओपी क्षेत्र के पथरड्डा-बोचबांध मार्ग पर करैहिया मोड़ के पास एक विशाल कदंब का पेड़ सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि उसी दौरान सड़क से गुजर रही एक कार बाल-बाल बच गई, बड़ा हादसा टल गया।
पेड़ गिरने से सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और करीब एक घंटे तक सड़क जाम रही। मौके से गुजर रहे शिक्षक दिलीप कुमार राय ने बताया कि पेड़ इस कदर गिरा था कि बाइक निकालना भी मुश्किल हो गया था। जाम में एक दर्जन से अधिक बाइक और कई टोटो फंसे रहे। टोटो से स्कूल से लौट रही छात्राओं को टोटो छोड़कर पैदल घर जाना पड़ा।
सूचना पर ग्रामीण अशोक शाही, चुनचुन शाही सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में पेड़ को काटकर सड़क से हटाया, तब जाकर आवागमन बहाल हो सका। घटना की जानकारी बोचबांध पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि व राजद नेता नरेश यादव और पथरड्डा ओपी पुलिस को भी दी गई थी।






