करौं प्रखंड के बारा पंचायत मुखिया मिंटू शेख को राष्ट्रपति भवन से मिला 15 अगस्त का न्योता,
• दिल्ली में ध्वजारोहण समारोह में होंगे शामिल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : जिले के लिए गौरव की बात। करौं प्रखंड के बारा पंचायत के युवा मुखिया मिंटू शेख को 15 अगस्त को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रपति भवन के ध्वजारोहण समारोह में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति भवन से बुलावा पत्र प्राप्त हुआ है।
मंगलवार को डाक विभाग की टीम ने उनके आवास पहुंचकर पत्र सौंपा। टीम में पोस्ट ऑफिस इंस्पेक्टर निर्मल कुमार, लीना चौधरी और दीपक कुमार शामिल थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जानकारी के अनुसार पूरे झारखंड प्रदेश से केवल 02 पंचायत मुखियाओं का चयन इस राष्ट्रीय समारोह के लिए किया गया है। इसमें धनबाद जिला के एक मुखिया और देवघर जिले के करौं प्रखंड की बारा पंचायत के मुखिया मिंटू शेख शामिल हैं।
समारोह में दोनों मुखियाओं को राष्ट्रपति के हाथों प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
मुखिया मिंटू शेख ने पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी कार्य के लिए उनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है।
इस उपलब्धि पर पूरे देवघर जिला समेत करौं प्रखंड और मुखिया समाज में खुशी का माहौल है। मुखिया पिंकी देवी, मारुति देवी, अंजली देवी, सोहराब अंसारी, रवि दास, बद्रीनारायण साह, रवि मोहाली, जमील अंसारी, उप मुखिया तबस्सुम, प्रदीप दास सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बारा पंचायत के मुखिया को राष्ट्रपति द्वारा बुलाए जाने से देवघर जिला और करौं प्रखंड का नाम रोशन हुआ है।
मुखिया मिंटू शेख ने इस उपलब्धि का श्रेय पंचायती राज पदाधिकारी रणवीर सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋषि राज को दिया। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों के सहयोग और मार्गदर्शन से ही पंचायत में विकास कार्य संभव हो पाए और इसी के परिणाम स्वरूप राष्ट्रपति भवन से उन्हें बुलावा पत्र प्राप्त हुआ।






