3.20 करोड़ की तीन योजनाओं का विधायक चुन्ना सिंह ने किया शिलान्यास
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने रविवार की शाम पालोजोरी प्रखंड में 3 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इन योजनाओं में आसहना मदरसा में छात्रावास भवन का निर्माण, प्रखंड मुख्यालय से सटे स्टेडियम का जीर्णोद्धार एवं मरम्मती कार्य और पालोजोरी में पुस्तकालय भवन का निर्माण शामिल है। आसहना मदरसा छात्रावास भवन के निर्माण पर 2 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च होंगे, जबकि 60 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय भवन का निर्माण कराया जाएगा।
शिलान्यास समारोह के बाद विधायक चुन्ना सिंह ने कहा कि ये तीनों योजनाएं पूरी तरह से जनोपयोगी हैं और सीधे आम जनता से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के जीर्णोद्धार से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा और युवा खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकेंगे। वहीं छात्रावास और पुस्तकालय के निर्माण से शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे और छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
विधायक ने बताया कि स्टेडियम के जीर्णोद्धार सह मरम्मती का कार्य युवा संस्कृति एवं खेलकूद मंत्रालय की ओर से कराया जा रहा है, जबकि पुस्तकालय भवन का निर्माण डीएमएफटी फंड से होगा। उन्होंने मौके पर मौजूद संवेदकों और उनके प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के अंदर पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर पालोजोरी मुखिया अंशु साधु, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल रहीम, विजय कोल, वकील दे, शंकर टुडू, विवेक यादव, अफरीदी आलम, वीरू कापरी, सोनालाल मुर्मू, उत्तम भंडारी, जमशेद अंसारी, रफीक अंसारी, बाजू त्रिवेदी, पप्पू साह, बापी मंडल सहित दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।






