BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

भादो मेले के दूसरे दिन बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथधाम (देवघर) में चल रहे भादो मेले के दूसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ अपेक्षाकृत कम रही। 

भीड़ कम होने का लाभ स्थानीय और बाहर से आए कांवरियों व श्रद्धालुओं को मिला। श्रद्धालुओं ने गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा की और विधिवत जलार्पण किया।

सुबह मंदिर का पट खुलते ही सबसे पहले स्थानीय तीर्थ पुरोहितों द्वारा परंपरागत कांचा जल पूजा की गई। कांचा जल पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर की सुबह की पूजा हुई और उसके बाद सामान्य श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण का क्रम शुरू किया गया।

भीड़ कम होने के कारण श्रद्धालुओं को गर्भगृह में बाबा को स्पर्श कर पूजा करने का भरपूर मौका मिला। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। गर्भगृह में तैनात तीर्थ पुरोहितों और पुलिस जवानों ने कतार को व्यवस्थित रखने और पूजा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने बिना किसी परेशानी के बाबा पर जल चढ़ाया और मनोकामना मांगी।

ज्ञात हो कि भादो मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंदिर परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की क्लोज मॉनिटरिंग की जा रही है। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए सूचना केंद्र भी लगातार सक्रिय हैं, जहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा, ठहराव और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।

उपायुक्त सौरभ भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं पूरे मेला क्षेत्र और मंदिर व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि भादो मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधा मिले और वे सुखद अनुभव लेकर जाएं।