BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जसीडीह स्टेशन पर कुलियों की दुर्दशा, इंटक ने डीआरएम से की बुनियादी सुविधा देने की मांग


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : आसनसोल रेल मंडल के जसीडीह रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कुलियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इसको लेकर झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार और देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा ने आसनसोल डीआरएम‌ संग्रह मौर्य से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है।

इंटक नेताओं ने डीआरएम को बताया कि जसीडीह स्टेशन पर कुलियों के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। स्टेशन पर कुलियों के बैठने के लिए ढंग का कमरा तक नहीं है। साथ ही बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है, जिसके कारण कुलियों को रोजमर्रा के कार्य में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नेताद्वय ने कहा कि आज भी रेलवे स्टेशनों पर बुजुर्ग यात्रियों, दिव्यांगजनों और अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कुली एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कई बार प्लेटफॉर्म बदलने या भारी सामान ले जाने में यात्रियों को कुलियों की मदद की जरूरत पड़ती है। ऐसे में यदि कुलियों को ही बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो इसका सीधा असर यात्री सेवाओं पर पड़ेगा।

उन्होंने डीआरएम से मांग की है कि जसीडीह स्टेशन पर कुलियों के लिए जल्द से जल्द विश्राम कक्ष, बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे सम्मान के साथ अपना कार्य कर सकें और यात्रियों को बेहतर सेवा दे सकें। इंटक ने उम्मीद जताई है कि रेल प्रशासन इस दिशा में जल्द सकारात्मक पहल करेगा।