BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोड्डा के ऊर्जानगर चोरी कांड का पुलिस ने किया खुलासा


• 4.50 लाख नकद और जेवरात बरामद; 01 गिरफ्तार.

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : महगामा थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर में 15 अगस्त की रात हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में महगामा के नाई टोला निवासी कन्हैया कुमार यादव उर्फ कन्हैया (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 04 लाख 50 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घटना में प्रयुक्त लोहे का छोटा सबल बरामद किया है।

इस संबंध में महगामा थाना में कांड संख्या-156/2026 दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर एसडीपीओ महगामा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर 01 सितंबर को पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त कन्हैया कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने ऊर्जानगर स्थित क्वार्टर में हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान 500 रुपये के 800 नोट यानी 04 लाख रुपये और 100 रुपये के 500 नोट यानी 50 हजार रुपये बरामद हुए। इसके अलावा करीब 01 किलो 131 ग्राम चांदी जैसे आभूषण और 24.40 ग्राम सोने जैसे आभूषण भी बरामद किए गए।

आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम में से कुछ पैसे उसने शराब और जुआ में खर्च कर दिए हैं। पुलिस अब इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले तीन मामलों में जेल जा चुका है। उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर गोड्डा मंडल कारा भेजा जा रहा है।

छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी अभिनव आनंद, अवर निरीक्षक बिनय कच्छप, जुगेश्वर उरांव, मनोज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खान सहित महगामा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।