BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पाकुड़ में मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 की तैयारी शुरू, 29 केंद्रों पर 17 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पाकुड़ : वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय में परीक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की।

बैठक में परीक्षा केंद्रों, मूल्यांकन केंद्रों के निर्धारण और अन्य तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, क्षमता, सुरक्षा और अन्य मानकों पर चर्चा हुई।

समीक्षा बैठक के बाद जिले में कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें मैट्रिक के लिए 21 और इंटरमीडिएट के लिए 8 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मैट्रिक में 11,056 परीक्षार्थी, जबकि इंटरमीडिएट के कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में कुल 6,815 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार जिले के कुल 17,871 परीक्षार्थी वार्षिक परीक्षा में बैठेंगे।

उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली, रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें। सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में मूल्यांकन केंद्रों के निर्धारण और वहां की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, शिक्षक संघ के अध्यक्ष-सचिव और मदरसा संघ के अध्यक्ष सहित कई अधिकारी मौजूद थे।