BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मधुपुर में धूमधाम से मना रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, मांगी लंबी उम्र की दुआ


मधुपुर में धूमधाम से मना रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, मांगी लंबी उम्र की दुआ


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर बाजार (देवघर) : भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को मधुपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास, श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया गया। 
सुबह से ही घर-घर में त्योहार की रौनक देखने को मिली।

सुबह से ही बहनें सज-धज कर पूजा की थाली में कुमकुम, अक्षत, राखी, नारियल, मिठाई और गंगाजल सजाकर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती नजर आईं। बहनों ने भाइयों के माथे पर टीका लगाया, आरती उतारी, मिठाई खिलाई और उनकी सुख, समृद्धि एवं लंबी उम्र की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर आजीवन रक्षा करने का संकल्प लिया।

विशेषकर बच्चों और युवाओं में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। बाजारों में राखी और मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ रही।

रक्षाबंधन केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती है और भाई उसकी रक्षा, सम्मान तथा हर परिस्थिति में सहयोग का वचन देता है।

इस अवसर पर उन संस्थानों में भी यह पर्व विशेष उल्लास के साथ मनाया गया, जहां बहनों का अपना भाई नहीं है या भाइयों की अपनी बहन नहीं है। अनाथ आश्रमों और सामाजिक संस्थाओं में भी बच्चों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर इस पवित्र रिश्ते को निभाया।

कुल मिलाकर मधुपुर में रक्षाबंधन का यह पावन पर्व हर साल की तरह इस बार भी प्रेम, विश्वास और उल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसने रिश्तों में मिठास और मजबूती का संदेश दिया।