BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, उनके अधूरे सपनों को साकार करेंगे.


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : झारखंड के निर्माता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को देवघर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 
इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. मुन्नम संजय ने कहा कि गुरुजी का संपूर्ण जीवन झारखंड के गरीबों, शोषितों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों और अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अन्याय और शोषण के विरुद्ध जीवनपर्यंत संघर्ष किया। अपने आंदोलन के कारण उन्हें अनेक कठिनाइयों, यातनाओं और जेल की सजा तक का सामना करना पड़ा, लेकिन वे कभी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए।

डॉ. संजय ने कहा कि गुरुजी का अटूट संकल्प था कि झारखंड को उसकी अलग पहचान और अधिकार मिले। वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप झारखंड राज्य का निर्माण हुआ। यह राज्य उनकी दूरदृष्टि, संघर्षशीलता और अदम्य इच्छाशक्ति का जीवंत स्मारक है।

उन्होंने कहा कि आज गुरुजी की प्रथम पुण्यतिथि पर एक वर्ष पूरा हो गया है, लेकिन इस एक वर्ष में झारखंडवासियों ने हर दिन उनकी कमी महसूस की है। विशेषकर संथाल परगना, जो उनके जनआंदोलन की कर्मभूमि रही, आज भी उनके मार्गदर्शन और सादगीपूर्ण नेतृत्व को याद करता है। गुरुजी ने जिस आंदोलन की नींव रखी, उसी का परिणाम है कि आज झारखंड देश की मुख्यधारा में अपनी विशिष्ट पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।

डॉ. संजय ने कहा कि गुरुजी का सपना केवल अलग राज्य बनाना नहीं था, बल्कि ऐसा झारखंड बनाना था जहाँ गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, दलित और समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान, अधिकार और न्याय मिल सके।

अंत में डॉ. मुन्नम संजय ने कहा कि हम सभी आज उनकी पुण्यतिथि पर यह संकल्प लेते हैं कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में गुरुजी के अधूरे सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रोफेसर उदय प्रकाश ने भी दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्ष, त्याग एवं झारखंड निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को नमन किया। कांग्रेस नेता दिनेश कुमार मंडल भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।