• लोगों से की दिग्भ्रमित नहीं होने की अपील
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : सारठ विधायक उदयशंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने एसआईआर-2026 के जारी प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को सारठ प्रखंड मुख्यालय में सीओ, बीडीओ व अन्य अधिकारियों संग लंबी बैठक करके जरूरी दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विधायक ने एसआईआर के तहत प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग पंचायतों में मतदाताओं के दावे आपत्ति को लेकर चल रही जनसुनवाई की जानकारी लेते हुए कहा कि राज्य सरकार के निर्देश के बावजूद भी अंचल कार्यालय में ऑफलाइन प्रमाण पत्र नहीं बनने से लोगों को अपने आपत्ति के निपटारे में परेशानी हो रही है और क्षेत्र के लोगों की लगातार शिकायत मिल रही है।
वहीं जवाब में सीओ केसीएस मुंडा ने अंचल कार्यालय के प्रभारी सहायक महालाल टुडू के पिछले एक सप्ताह से नदारद रहने से ऑफलाइन जाति, आवासीय, वंशावली या पारिवारिक सूची नहीं बन पाने की बात कही। साथ ही साथ एसआईआर जैसे जरूरी कार्य में लापरवाही को लेकर अंचल अधिकारी द्वारा वरीय अधिकारी को लिखे पत्र की जानकारी देते कार्यालय में कर्मी नहीं रहने से आवश्यक कार्य लंबित होने की बात कही गई। जिस पर विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते मौके से ही डीसी सौरभ भुवानियां और जिला स्थापना पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू को फोन करके सारठ अंचल कार्यालय में सहायक के अभाव में एसआईआर का जरूरी कार्य प्रभावित होने की बात कही और समुचित कदम उठाते हुए अंचल कार्यालय को सहायक या
अनुभवी लिपिक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
वहीं कार्यालय छोड़कर जनसुनवाई के लिए पंचायतों में आयोजित शिविर में जाने वाले राजस्व कर्मचारी व कंप्यूटर ऑपरेटर को कार्यालय में रहकर जरूरी प्रमाण पत्रों को निर्गत करने का निर्देश दिया है।ताकि एसआईआर की जारी प्रक्रिया में अनमैप्ड व नामों में विसंगति का सुधार और मतदाताओं के छूटे हुए नामों को जोड़ा जा सके। वहीं विधायक ने बैठक के दौरान सीओ व बीडीओ से एसआईआर में विसंगति के सुधार में प्रगति की भी जानकारी ली और लोगों में एसआईआर को भ्रम की स्थिति होने की बात कही।
वहीं पत्रकारों से बात करते विधायक ने कहा कि एसआईआर की जारी प्रक्रिया में एक भी वैध मतदाता का नाम नहीं छूटेगा और हर विसंगति को भी दूर किया जाएगा। वहीं कहा कि उन्होंने प्रखंड से लेकर जिले से प्रतिनियुक्त अधिकारियों को भी एसआईआर के संदर्भ में जरूरी नसीहत दे चुके हैं और कार्य में पारदर्शिता बरतने के लिए हिदायत किया है।
विधायक ने आम लोगों से भी अनावश्यक परेशान नहीं होने और जनसुनवाई में सभी के दावे आपत्ति का निपटारा होने का भरोसा दिया है। बैठक में अंचल निरीक्षक विभाष कुमार, प्रखंड सहायक विपिनचंद्र झा, नाजिर बाबूसर हेंब्रम, झामुमो नेता इश्तियाक मिर्जा, राजस्व कर्मचारी केलु दास, कंप्यूटर ऑपरेटर शिलाजीत यादव समेत कई अन्य मौजूद थे।







