BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोड्डा में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का हुआ भव्य शुभांरभ


गोड्डा में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का हुआ भव्य शुभारंभ

• यंग लीडर्स को मिलेगा अब राष्ट्रीय मंच



रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : जिले के युवाओं के लिए राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर आया है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से " विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 " का मंगलवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इसके प्रथम चरण के रूप में "विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता" का आयोजन किया जा रहा है।

इस बारे में जिला युवा अधिकारी 'रविंद्र मीणा' ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस क्विज प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। 

ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर तक किया जा रहा है। युवा व्यक्तिगत रूप से विभिन्न भाषाओं में इस क्विज में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इसमें भाग लेने की अपील की है।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के विचार, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को पहचान कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बात रखने का अवसर देना है।

श्री मीणा ने बताया कि चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में विकसित भारत क्विज आयोजित होगी। इसमें चयनित प्रतिभागियों को अगले चरण में 500 शब्दों के विकसित भारत निबंध चैलेंज में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

जिला स्तर पर 50 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिनमें से शीर्ष दो प्रतिभागियों को राज्य स्तर के लिए भेजा जाएगा। राज्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय स्तर पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा। चयनित युवा इस मंच पर देश के विशेषज्ञों, केंद्रीय सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार रख सकेंगे। कुछ चुनिंदा प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार प्रस्तुत करने का मौका मिल सकता है।

इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर इस क्विज प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।

इस बारे में स्थानीय स्तर पर पूछताछ के लिए एक आधिकारिक मोबाइल नंबर- 9973070670 भी जारी किया गया है।

इस अवसर पर " मेरा युवा भारत " के राष्ट्रीय स्वयंसेवक गौतम कुमार महतो समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।