करौं में ‘खेलेगा इंडिया जीतेगा इंडिया’ के तहत तीन दिवसीय खेल महोत्सव का समापन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
करौं (देवघर) : भारत सरकार के निर्देश पर ‘खेलेगा इंडिया जीतेगा इंडिया’ अभियान के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर करौं प्रखंड में आयोजित 03 दिवसीय खेल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रखंड के कुल 137 विद्यालयों में पिछले तीन दिनों से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था।
इस अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों में खेल के प्रति रुचि जगाना और उन्हें शारीरिक रूप से सशक्त बनाना था। इसके तहत करौं कन्या मध्य विद्यालय, रानी मंदाकिनी +2 उच्च विद्यालय, पथरोल उच्च विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिरसा, डिंडाकोली मध्य विद्यालय, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सिया कनारी सहित प्रखंड के सभी 137 विद्यालयों में दौड़, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
समापन समारोह के दौरान बसकुपी मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय में संयुक्त रूप से कुल 75 विजेता छात्र-छात्राओं के बीच पुरस्कारों का वितरण किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्या डॉ. इंदु कुमारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। विजेता बच्चों को संकुल साधन सेवी उदय राय द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क की भावना विकसित होती है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम में चंद्रनाथ निषाद, कुमार गौतम, महेश किस्कू, रेणु लकड़ा, पुष्पा देवी, नकुल दास, सहायक अध्यापक संघ के प्रखंड अध्यक्ष किशोर यादव, पंचानन मंडल, संदीप विश्वास, सुशील कुमार, सना एजाज, कविराज चौधरी, निरमा दास, अनिल राय, अब्दुस सत्तार, परवेज अंसारी सहित 137 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कर्मी उपस्थित थे।






