BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

नेपाल में बाढ़ और ग्लेशियर त्रासदी के मृतकों को सारसाजोल स्कूल में श्रद्धांजलि


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

दुमका : शिकारीपाड़ा प्रखंड के उच्च विद्यालय सारसाजोल में बुधवार को नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और ग्लेशियर टूटने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए शोकसभा आयोजित की गई।

विद्यालय प्रांगण में आयोजित शोकसभा में सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान विद्यालय परिवार ने इस भीषण प्राकृतिक आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया।

प्रधानाध्यापक असीम कुमार मंडल ने कहा कि नेपाल में आई यह आपदा बेहद दर्दनाक है। बड़ी संख्या में लोगों की जान जाना और जन-धन की हानि होना पूरे मानव समाज के लिए पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि आपदा की कोई सीमा नहीं होती है। यह किसी भी देश, जाति या धर्म को देखकर नहीं आती। ऐसे कठिन समय में सभी को मानवता के नाते एकजुट होकर पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने छात्रों से कहा कि इस तरह की घटनाएं हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशील होने और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझने की सीख देती हैं। हमें पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना रखनी चाहिए।

शोकसभा में शिक्षक मुकेश कुमार पाल ने भी नेपाल त्रासदी पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पड़ोसी देश में हुई इस घटना से पूरा क्षेत्र दुखी है।

इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक हराधन मंडल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।