गोड्डा में फसल चराने के विवाद में खूनी संघर्ष, तलवार और लाठी-डंडे से हमले में 03 बुजुर्ग घायल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिले के देवडांड़ थाना क्षेत्र के नन्दुपहाड़ी गांव में सोमवार को धान की फसल चराने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने तलवार और लाठी-डंडे से हमला कर तीन बुजुर्गों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल गोड्डा में चल रहा है।
घायलों की पहचान नन्दुपहाड़ी गांव निवासी लालमोहन राय, हरिहर राय और राजेंद्र राय के रूप में हुई है। घायल लालमोहन राय ने बताया कि कदवा गांव के कुछ लोगों द्वारा लगातार उनकी फसल मवेशियों से चरवाई जा रही थी। दो दिन पहले मना करने पर कहासुनी हुई थी। सोमवार को फिर से फसल नष्ट करने से रोकने पर कदवा टोला के करीब 50 लोगों ने लाठी-डंडा और तलवार से हमला बोल दिया।
हमले में हरिहर राय और राजेंद्र राय पर तलवार से वार किया गया, जबकि लालमोहन राय का सिर डंडे से फोड़ दिया गया। बीच-बचाव करने आई प्रभा देवी को भी हमलावरों ने नहीं बख़्शा और उन पर भी हमला कर घायल कर दिया।
घटना के बाद सभी घायल किसी तरह देवडांड़ थाना पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेजा, जहां आकस्मिक विभाग में उनका इलाज किया जा रहा है।
देवडांड़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।






