सारठ-चितरा मार्ग पर मधुसिंघा मोड़ के पास की घटना
पिकअप की टक्कर से बाइक चालक युवक की मौत,
एक वर्ष पूर्व हुई थी मृतक की शादी
सारठ : थाना क्षेत्र के सारठ-चितरा मार्ग पर मधुसिंघा मोड़ के पास मंगलवार दोपहर एक पिकअप वैन की टक्कर से बाइक सवार यूवक चितरा थाना क्षेत्र के नोनियाटांड़ गांव निवासी 28 वर्षीय विकेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था।वहीं घटना की सूचना पर डिंडाकोली मुखिया प्रमोद कुमार मंटू द्वारा घायल को उठाकर सारठ सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर जियाउल हक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया था। घटना की सूचना पर पूर्व विधायक रंधीर सिंह भी सारठ सीएचसी पहुंचे थे।वहीं बताया कि घायल की हालत नाजुक देख उसे देवघर एम्स भेजा गया था और एम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवक की मौत हो गई थी। एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने भी मृत घोषित कर दिया।
घटित घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया की मृतक चूड़ा कुटवाने सारठ आया था जहां से वापस जाने के दौरान मधुसिंघा मोड़ के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन संख्या डब्ल्यूबी 37 ई 7028 के चालक ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और घायल को सारठ सीएचसी पहुंचाने में सहयोग किया। बताया गया कि दुर्घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई थी व काफी खून भी बह गया था। इधर दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन को लेकर भागते चालक व खलासी को गंडा के पास रोका गया। आक्रोशित लोगों ने चालक व खलासी के साथ भी मारपीट की। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को व पिकअप वैन को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस द्वारा पिकअप चालक व खलासी का भी इलाज कराया गया है और घटना की छानबीन कर रही है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मृतक के माता-पिता, पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि पिछले साल ही मृतक युवक की शादी हुई थी वहीं अचानक युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया गया कि मृतक युवक हेलमेट नहीं पहना था जिससे दुर्घटना में उसके सिर में गंभीर चोट आई अगर हेलमेट पहनकर बाइक चला रहा होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।







