बासुकीनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेला 2026 का आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न,
• 46,95,605 श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : बासुकीनाथ धाम में मासव्यापी राजकीय श्रावणी मेला 2026 का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
श्रावणी मेला के अंतिम दिन शुक्रवार को मयूराक्षी कला मंच में समापन समारोह का आयोजन किया गया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि यह पहला वर्ष है जब राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव बेहतर ढंग से जीरो कैजुअल्टी के साथ संपन्न हुआ है। उन्होंने मेला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष मेला की व्यवस्था में कई नए प्रयोग किए गए। कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराना बेहतर व्यवस्था और समन्वय का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस आयोजन को सुरक्षित और सुगम बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित विभागों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद अभय कांत प्रसाद ने कहा कि बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था के कारण इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सुगमतापूर्वक जलार्पण किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में जो भी कमियां रह गई हैं, उन्हें चिन्हित करते हुए दूर करने की आवश्यकता है, ताकि आने वाले वर्षों में श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल ने कहा कि उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने जिस प्रकार मेला की व्यवस्थाओं को संचालित किया, उससे श्रद्धालु अच्छी अनुभूति के साथ साथ लौटे हैं।
नगर पंचायत बासुकीनाथ की अध्यक्ष वीणा देवी ने कहा कि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास से इतने बड़े धार्मिक मेला का सफलतापूर्वक आयोजन संभव हो पाया।
-----
*पदाधिकारियों कर्मियों को सम्मानित किया गया।*
---
राजकीय श्रावणी मेला के समापन अवसर पर मेला अवधि के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों कर्मियों को सम्मानित किया गया।
*श्रावणी मेला के दौरान 46,95,605 श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक किया*
------
इस मौके पर स्वागत संबोधन में अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि 30 जुलाई से राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव का शुभारंभ हुआ था। पूरे मेला अवधि में सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। एसडीओ ने बताया कि
मेला अवधि के दौरान 46,95,605 श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण किया। वहीं 1,07,318 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम के माध्यम से बाबा बासुकीनाथ का दर्शन किया। वहीं 18,036 डाक बम श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल अर्पित किए।
उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की गई थी। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम एवं स्वास्थ्य शिविरों को सक्रिय रखा गया। शिवगंगा में एनडीआरएफ की तैनाती, विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, आवासन, यातायात प्रबंधन तथा सूचना सहायता की व्यवस्था लगातार सक्रिय रही।
----
*सूचना सहायता कर्मियों ने मेला अवधि में 21,763 बिछड़े श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाया*
----
श्रद्धालुओं के परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में सूचना सहायता कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेला अवधि में 21,763 बिछड़े श्रद्धालुओं को सूचना सहायता व्यवस्था के माध्यम से उनके परिजनों से मिलाया गया। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आवासन की व्यवस्था के साथ-साथ मेला क्षेत्र में आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सूचना माध्यमों का उपयोग किया गया।
इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नई एवं तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को भी मेला प्रबंधन में शामिल किया गया।
---
*श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ मंदिर को कुल 6,04,92,417 रुपये हुई आय*
-----
बाबा बासुकीनाथ मंदिर की आय से जुड़े आंकड़े भी रहे उल्लेखनीय
मेला अवधि के दौरान बाबा बासुकीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा की गई पूजा-अर्चना एवं विभिन्न माध्यमों से प्राप्त राशि के आंकड़े भी दर्ज किए गए। उपलब्ध विवरण के अनुसार शीघ्र दर्शनम के 1,07,318 कूपन के माध्यम से 5,36,59,000 रुपये, दान पेटी से 42,69,190 रुपये तथा अन्य स्रोतों से 2,92,972 रुपये प्राप्त हुए। गोलक से प्राप्त राशि 22,69,505 रुपये रही। इसके अतिरिक्त विवरणी के अनुसार चांदी 8,159 ग्राम, सोना 15 ग्राम तथा अन्य मदों से प्राप्त राशि सहित कुल दर्ज आय 6,04,92,417 रुपये रही।






