बंदरकुपी में 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर हमला करने का आरोप
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो गिरिडीह
गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुपी में गुरुवार की देर रात करीब 24 वर्षीय युवक ऋतिक यादव की कथित तौर पर 10 से 15 युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव के रूप में हुई है। वह बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत मुसाफिर सिंह यादव का पुत्र था।
जानकारी के अनुसार, ऋतिक गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने दो दोस्तों के साथ बंदरकुपी स्थित एक मैगी प्वाइंट पर गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद 10 से 15 युवक वहां पहुंचे और ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल ऋतिक को उसके दोस्तों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा विवाद के कारण और घटना में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






