जमीन विवाद की रंजिश में मारपीट का आरोप, तलवार से जान से मारने की धमकी देने की शिकायत
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के तेलोनारी गांव में जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल तेलोंनारी निवासी सलामत अंसारी ने बेंगाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही दो युवकों पर मारपीट करने, गाली-गलौज करने तथा तलवार से जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। थाना में दिए आवेदन के अनुसार, सलामत अंसारी शुक्रवार को जुमा की नमाज अदा कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में सलामत अंसारी के चेहरे, मुंह और छाती में चोटें आई हैं। सलामत अंसारी ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान दोनों युवक अपने घर से तलवार लेकर आए और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी बीच मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव करते हुए तलवार छीन ली, जिससे उनकी जान बच सकी। आवेदन में सलामत अंसारी ने बताया है कि उनके भाई इस्लाम मियां के साथ जमीन को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि इसी जमीन विवाद की पुरानी रंजिश के कारण दोनों युवकों को पैसे देकर उनके साथ मारपीट कराई गई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।






