बेंगाबाद के दिलीप कुमार कौशल बने राज्य कर सहायक आयुक्त, क्षेत्र में खुशी की लहर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद प्रखंड के लक्ष्मीपुर गांव के होनहार पुत्र दिलीप कुमार कौशल को झारखंड सरकार के वाणिज्य कर विभाग में राज्य कर सहायक आयुक्त (Assistant Commissioner of State Tax) के पद पर प्रोन्नत किए जाने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि प्रखंडवासियों में भी गर्व की भावना है। शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। यह उपलब्धि युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।
दिलीप कुमार कौशल, लक्ष्मीपुर निवासी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक प्रहलाद चंद्र यादव के बड़े पुत्र हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने जेपीएससी के माध्यम से राज्य कर पदाधिकारी के रूप में चयनित होकर सरकारी सेवा में प्रवेश किया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वर्ष 2022 में उन्होंने धनबाद अंचल में अपनी पहली नियुक्ति ग्रहण की। इसके बाद जुलाई 2025 में उनका स्थानांतरण धनबाद से हजारीबाग कर दिया गया, जहां वे अन्वेषण ब्यूरो में राज्य कर पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
झारखंड सरकार के वाणिज्य कर विभाग द्वारा 31 जुलाई 2026 को जारी प्रोन्नति अधिसूचना में दिलीप कुमार कौशल को राज्य कर सहायक आयुक्त के पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के साथ उनकी नई पदस्थापना साहिबगंज अंचल में की गई है।
दिलीप कुमार कौशल की इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और ईमानदार कार्यशैली का यह सम्मान है। लोगों ने विश्वास जताया कि वे अपने नए दायित्व का भी पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निर्वहन कर बेंगाबाद का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।






