BREAKING NEWS

logo

बिना लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर पर ड्रग इंस्पेक्टर का छापा, खुदरा बिक्री पर लगाई रोक


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

छोटकी खरगडीहा स्थित सुशीला इमरजेंसी हॉस्पिटल में संचालित मेडिकल स्टोर में खुदरा दवा बिक्री की शिकायत पर गुरुवार को ड्रग इंस्पेक्टर राजीव इक्का ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में कई खामियां सामने आईं। 

लाइसेंस नहीं मिला, दी गई सख्त हिदायत
 
ड्रग इंस्पेक्टर राजीव इक्का ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नहीं पाया गया। संचालक ने लाइसेंस के लिए आवेदन करने की बात कही। दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। जांच में सामने आया कि स्टोर से बिना पर्ची के दवाएं नहीं बेची जा रही थीं। 

मौके पर ही ड्रग इंस्पेक्टर ने अस्पताल प्रबंधक व मेडिकल स्टोर संचालक को बिना लाइसेंस के खुदरा दवा नहीं बेचने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रैक्टिशनर के यहां भी हुई जांच
 
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि छोटकी खरगडीहा बाजार से आगे पारडीह मोड़ की तरफ एक प्रैक्टिशनर द्वारा दवा स्टॉक कर रखने की शिकायत मिली थी। टीम ने वहां भी जांच की, लेकिन कोई दवा स्टॉक नहीं मिला। 

राजीव इक्का ने स्पष्ट किया कि बेंगाबाद, छोटकी खरगडीहा समेत अन्य क्षेत्रों में दवा दुकानों की जांच लगातार जारी रहेगी। नियमों के विरुद्ध चल रही दवा दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।