BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

501 निशानों के साथ निकली श्याम बाबा की भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 
गिरिडीह :श्री श्याम सेवा मंडल, गिरिडीह द्वारा आयोजित श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का 47वां वार्षिक महोत्सव मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के भव्य माहौल में शुरू हुआ। श्री महावीर कुटिया मंदिर प्रांगण, कुटिया रोड, रामबाग में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव के प्रथम दिन सुबह बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद दोपहर तीन बजे 501 निशानों के साथ भव्य निशान एवं पालकी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर कतारबद्ध होकर शामिल हुए। श्याम बाबा के जयकारों और भक्ति भजनों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। रास्ते में जगह जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। पालकी में विराजमान श्री श्याम प्रभु की आरती उतारी गई और भोग लगाकर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद लिया।
शोभायात्रा में महिलाओं ने लाल और पीले परिधान धारण किए थे, जबकि पुरुष और बच्चे गुलाबी एवं पीले वस्त्रों में नजर आए। एक सुसज्जित वाहन पर भगवान शिव और संकट मोचन हनुमान का आकर्षक दरबार सजाया गया था, जो लोगों के आकर्षण का विशेष केंद्र बना रहा। कुटिया मंदिर से शुरू हुई यात्रा बड़ा चौक, गांधी चौक और तिरंगा चौक होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यहां विधि विधान के साथ श्री श्याम प्रभु को 501 निशान अर्पित किए गए। इसके बाद मंदिर परिसर में विशेष आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। आयोजन के दौरान समिति के सदस्य व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे। सुरक्षा और यातायात को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए थे। मौके पर श्याम भक्त मंडल के कुणाल, मुकेश जालान, सतीश केडिया, बांके बिहारी शर्मा, राजेश जालान, संजय भूदोलिया, मनोज खंडेलवाल, नीलकमल भारतिया, दीपक बसईवाला समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य मौजूद थे।