25 साल की सेवा से प्रेरणा, आंगनवाड़ी सेविका सहायिकाओं का सम्मान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वार्ड संख्या 06 में आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका एवं पोषण सखी बहनों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वार्ड पार्षद सह भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी वैशाखियार, निवर्तमान जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, पचंबा मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, अजय पाठक, पिंकी सिंह, तारा देवी, संदीप, रामेश्वर पंडित, आलोक यादव, राजू वर्मा, मीत मुखर्जी सहित कई लोग मौजूद रहे। संजीव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरणा लेते हुए आंगनवाड़ी बहनों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका एवं पोषण सखियां बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और विकास के साथ सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शालिनी वैशाखियार ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मियों का समर्पण समाज के लिए महत्वपूर्ण है और उनके कार्यों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं महादेव दुबे ने कहा कि आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिकाएं आने वाली पीढ़ी के निर्माण में अहम योगदान दे रही हैं। इस दौरान आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका एवं पोषण सखी बहनों को सम्मानित किया गया।






