जागो फाउंडेशन ने 100 जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच बांटी साइकिल, शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
तिसरी (गिरिडीह) तिसरी प्रखंड के ब्लॉक सभागार में मंगलवार को जागो फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के बीच 100 साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व फाउंडेशन के सचिव वैद्यनाथ जी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में खोरीमहुआ के एसडीएम समीर रेनियर खलको, बीडीओ मनीष कुमार तथा सीओ अखिलेश्वर प्रसाद उपस्थित रहे। सभी चयनित छात्र-छात्राओं को एसडीएम के हाथों साइकिल प्रदान की गई।
जागो फाउंडेशन के समन्वयक प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रखंड स्तरीय इस साइकिल वितरण कार्यक्रम के तहत बरवाडीह, खरखरी, भंडारी, गड़कुरा तथा गांवा प्रखंड के जमदार सहित विभिन्न पंचायतों के छात्र-छात्राओं को साइकिल दी गई। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से बच्चों में काफी उत्साह देखा गया और अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की टीम ने 46 गांवों का सर्वेक्षण किया था। सर्वे के आधार पर ऐसे 100 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया, जो अत्यंत गरीब परिवारों से आते हैं और प्रतिदिन चार से पांच किलोमीटर की दूरी तय कर विद्यालय जाते हैं। साइकिल मिलने से अब वे समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे और उनकी पढ़ाई में आने वाली कठिनाइयां कम होंगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मथुरा प्रसाद, राजेश वर्मा, काजल कुमारी एवं दुखन साह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






