रांची एक्सप्रेस ब्यूरो गिरिडीह
गांडेय, गिरिडीह। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में अवैध रूप से संचालित आरा मिल के खिलाफ शुक्रवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर रेंजर एस.के. रवि के नेतृत्व में टीम गठित कर करीब 11 बजे लखनपुर गांव में छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध आरा मिल को ध्वस्त कर दिया। साथ ही मिल में संचालित संयंत्र को कब्जे में लेते हुए करीब 50 हजार रुपये मूल्य की लकड़ी जब्त की गई। जब्त सामान को ट्रैक्टर के माध्यम से गांडेय स्थित वन विभाग कार्यालय लाया गया।
वनपाल रोहित पंडित ने बताया कि आरा मिल संचालक इम्तियाज अंसारी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांडेय वन क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
वहीं, ताराटांड़ थाना क्षेत्र के फुल्ची गांव में भी अवैध रूप से संचालित आरा मिल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वन विभाग द्वारा अवैध आरा मिलों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
मौके पर वनरक्षी संदीप मिश्रा, विष्णु किस्कू, शमशेर आलम, मो. दाऊद, रंजन शर्मा समेत अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।







