मूलभूत सुविधाओं के लिए 22 सितंबर से फिर शुरू होगा माले का 36 वार्ड अभियान
हर वार्ड से 100 आवेदन जुटाने का लक्ष्य, 36 दिनों में सभी वार्डों का होगा भ्रमण : राजेश सिन्हा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर भाकपा (माले) लिबरेशन की नगर कमिटी का ‘1 से 36 वार्ड अभियान’ 22 सितंबर से फिर शुरू होगा। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के कारण 5 सितंबर से शुरू हुआ अभियान बीच में स्थगित कर दिया गया था। नगर सचिव राजेश सिन्हा ने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को वार्ड नंबर-1 पचम्बा से की गई थी। अब 22 सितंबर से इसे पुनः शुरू किया जाएगा। इसके तहत 36 दिनों में 36 वार्डों का भ्रमण कर लोगों की समस्याओं और नगर निगम से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों को चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड से कम से कम 100 आवेदन जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। आम लोग सड़क, नाली, पानी, आवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत नगर निगम से संबंधित अपनी समस्याओं को आवेदन के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे। अभियान के दौरान समस्याओं का आंकड़ा तैयार कर संबंधित अधिकारियों से बातचीत के जरिए समाधान की पहल की जाएगी। राजेश सिन्हा ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। माले परिवार दिवंगत मंत्री के परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मंत्री जीवित रहते तो हजारों आवेदन लेकर उनके साथ बैठकर समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जा सकती थी। अब नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी कौन और किस स्तर पर निभाएगा, यह आने वाले एक-दो महीनों में स्पष्ट होगा। तब तक माले कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर समस्याओं का आंकड़ा जुटाएंगे। उन्होंने अभियान में आम लोगों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ वर्तमान और पूर्व वार्ड पार्षदों से भी जुड़ने की अपील की। संगठन विस्तार पर भी जोर अभियान के दौरान भाकपा (माले) में नए सदस्यों को जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में ब्रांच कमिटी और ब्रांच सचिव बनाए जाएंगे। पार्टी के अनुसार एक ब्रांच के गठन के लिए करीब 10 सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें महिलाओं, दलित, अल्पसंख्यक, बुजुर्ग, छात्र और अन्य सामाजिक वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। राजेश सिन्हा ने कहा कि जो लोग पार्टी के समर्थक के रूप में जुड़ना चाहते हैं, वे भी सदस्य बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि “गिरिडीह को आपकी जरूरत है” और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जुड़ने की अपील की।






