BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गावां सीओ के खिलाफ मुखिया संघ का धरना 10 सितंबर को


मुखिया ने लगाया अभद्र व्यवहार और दस्तावेज फेंकने का आरोप, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गावां, गिरिडीह। गावां अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार के खिलाफ गावां मुखिया संघ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को गावां पंचायत सचिवालय में मुखिया संघ की बैठक आयोजित कर सीओ पर जनप्रतिनिधियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर 10 सितंबर को गावां प्रखंड मुख्यालय के समक्ष मुखिया संघ एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता गावां मुखिया कन्हाई कुमार ने की, जबकि संचालन पीहरा पूर्वी के मुखिया अमित कुमार ने किया। मुखिया संघ के अनुसार, 5 सितंबर को ग्राम पंचायत बिरने में एसआईआर की जनसुनवाई के दौरान बिरने मुखिया चंदन कुमार मतदाताओं के दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेने अंचलाधिकारी के पास पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान सीओ ने उनके दस्तावेज कथित रूप से फेंक दिए और अपशब्दों का प्रयोग किया।

इस घटना को लेकर मुखिया संघ में भारी आक्रोश है। संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी अंचलाधिकारी द्वारा कई मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया है।

मुखिया संघ ने कहा कि मामले को लेकर प्रेस मीडिया के माध्यम से अंचलाधिकारी से समस्या का समाधान करने और माफी मांगने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई ठोस एवं सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसके बाद संघ ने खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 10 सितंबर को धरना देने की घोषणा की है।

धरना-प्रदर्शन की सूचना जिला उपयुक्त, गिरिडीह, गावां प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं गावां थाना प्रभारी को भी दी गई है।

बैठक में बिरने मुखिया चंदन कुमार, पसनौर मुखिया अजय साव, सेरुवा मुखिया गुरुसहाय रविदास, पटना मुखिया किरण देवी, मालदा मुखिया गायत्री देवी, बादीडीह मुखिया मुन्नी कुमारी, खरसान मुखिया रजिया खातून, मंझने मुखिया रुपाश्री सिंह, जमदार मुखिया फूल मुनि मुर्मू, नगवां मुखिया मिराजुद्दीन, अमतरों मुखिया प्रभा देवी, निमाड़ीह मुखिया आरती देवी, सांख मुखिया प्रियंका देवी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।