जनता दरबार में 100 से अधिक मामलों की सुनवाई, कई शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 100 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए जनता दरबार में बिजली, राशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि, मनरेगा, अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, म्यूटेशन, जमाबंदी, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद और मारपीट समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया उपायुक्त ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे शिकायतों का पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।





