BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

तिसरी में पीडीएस राशन ढुलाई में ओवरलोडिंग का खेल, हादसे की आशंका बढ़ी


क्षमता से दोगुना तक अनाज लादकर डीलरों तक पहुंचा रहे वाहन, जिम्मेदार विभाग ने कहा— अगली बार रखेंगे ध्यान

रांची एक्सप्रेस संवाददाता पिंटू कुमार

गिरिडीह तिसरी प्रखंड में इन दिनों पीडीएस दुकानों तक राशन पहुंचाने के दौरान ओवरलोडिंग का मामला सामने आया है। डोर-स्टेप डिलीवरी योजना के तहत ठेकेदार द्वारा विभिन्न वाहनों से क्षमता से अधिक अनाज ढोया जा रहा है। इससे न केवल मोटर वाहन अधिनियम के नियमों की अनदेखी हो रही है, बल्कि सड़क दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर संख्या JH 11AV 3375, जिसकी भार वहन क्षमता लगभग 3 से 5 टन है, उसमें 8 से 10 टन तक अनाज लादकर पीडीएस डीलरों तक पहुंचाया जा रहा है। क्षमता से कहीं अधिक भार होने के कारण वाहन के असंतुलित होने और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों का संचालन लगातार जारी है। इस संबंध में वाहन का फोटो और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर पर क्षमता से अधिक अनाज लदा हुआ दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी (AMO) से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और अगली बार से इस पर ध्यान रखा जाएगा। वहीं, खबर प्रकाशित होने तक संबंधित ठेकेदार का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।