अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार; कार्रवाई से बालू तस्करों में हड़कंप
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद-गिरिडीह एनएच पथ पर महदैया मोड़ के समीप शनिवार दोपहर स्थानीय प्रशासन ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस-प्रशासन की टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सीओ सफी आलम ने जब्त ट्रैक्टर को बेंगाबाद थाना पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया है। बताया गया कि बेंगाबाद सीओ सफी आलम और बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू जिला मुख्यालय से वापस बेंगाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान महदैया मोड़ के पास उनकी नजर बालू लदे ट्रैक्टर पर पड़ी। प्रशासनिक अधिकारियों को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। इसके बाद सीओ ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना भेज दिया। सीओ ने जब्त ट्रैक्टर के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) को पत्राचार कर मामले की सूचना दी है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
बताया जाता है कि क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों से अवैध बालू खनन एवं परिवहन की लगातार शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज की गई है। दो दिन पूर्व भी अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त कर कार्रवाई की गई थी। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बालू के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। छोटकी खरगडीहा क्षेत्र में बालू तस्करी से जुड़े एक गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गिरोह के इशारे पर क्षेत्र में बालू का अवैध खनन एवं परिवहन जारी है।
फोटो।






