70 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिला प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र और किट के साथ दो दिवसीय शिविर का समापन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह : शहर के स्ट्रीट फूड वेंडर्स को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नासवी) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। समापन समारोह में 70 प्रशिक्षित स्ट्रीट फूड वेंडर्स को प्रमाणपत्र और आवश्यक किट प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, सुरक्षित खाद्य पदार्थों के रखरखाव तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। आयोजकों ने कहा कि स्वच्छता के मानकों का पालन कर स्ट्रीट फूड कारोबार को और बेहतर बनाया जा सकता है।
बताया गया कि गिरिडीह में पहली बार इस तरह का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शामिल वेंडर्स ने इसे अपने व्यवसाय के लिए उपयोगी पहल बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में गिरिडीह फुटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ के अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा टार्जन, सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता पंकज कुमार सागर, सचिव अफगान उर्फ बबलू तथा कोषाध्यक्ष मोहम्मद इकबाल सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






