BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मामूली विवाद में महिला पर टांगी से जानलेवा हमला, सिर पर गंभीर चोट


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा पंचायत अंतर्गत सहियारी गांव में गुरुवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर की साझा गली में बिचाली रखने को लेकर हुए विवाद में एक महिला पर टांगी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में अनीता देवी (पति सुरेंद्र कुमार वर्मा) के सिर पर गंभीर चोट लगी है और वह लहूलुहान हो गई। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। उपचार के बाद पीड़िता ने पति के साथ बेंगाबाद थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने अपने चचेरे ससुर अर्जुन महतो और सास बुंदिया देवी पर मारपीट समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, गुरुवार दोपहर बारिश के कारण अनीता देवी ने घर की साझा गली में एक टोकरी में बिचाली भरकर रखी थी। इसी बात से नाराज होकर अर्जुन महतो और बुंदिया देवी ने बिचाली से भरी टोकरी को बाहर फेंक दिया। इसको लेकर पूछताछ करने पर दोनों के साथ उसका विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अर्जुन महतो ने घर में रखी टांगी उठाकर अचानक अनीता देवी के सिर पर वार कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान बुंदिया देवी ने उसके गले से चांदी-सोने की चेन छीन ली, जबकि अर्जुन महतो ने उसकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। अनीता देवी का कहना है कि घर में पुरुष सदस्य नहीं रहने का फायदा उठाकर दोनों आरोपी उसे अक्सर प्रताड़ित करते हैं। घटना के बाद उसे इलाज के लिए बेंगाबाद सीएचसी ले गए। उपचार के बाद थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।