आजीविका से जुड़कर महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर, गोलगो संकुल संगठन की चतुर्थ वार्षिक आमसभा में गूंजा सशक्तीकरण का संदेश
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
गोलगो आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलम्बी सहयोग समिति लिमिटेड की चतुर्थ वार्षिक आमसभा गुरुवार को गोलगो स्थित संकुल संगठन कार्यालय भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं आजीविका मिशन से जुड़े पदाधिकारियों ने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने तथा संकुल की आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, प्रमुख मीना देवी, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष सुनील यादव, महेंद्र वर्मा, सांसद प्रतिनिधि रंजीत मरांडी, गोलगो पंचायत की मुखिया अनीता देवी एवं प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का चंदन तिलक एवं बुके देकर स्वागत किया गया। संकुल अध्यक्ष कंचन देवी के स्वागत भाषण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान संकुल की कैडर रेखा, अंजनी, सुजीता एवं आरती समेत अन्य कैडरों ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने सखी मंडल की दीदियों का उत्साह बढ़ाते हुए आजीविका के नए साधनों को अपनाने की बात कही। प्रमुख मीना देवी ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सुनील यादव ने अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया, जबकि महेंद्र वर्मा ने अगले वर्ष संकुल की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखने की अपील की। मुखिया अनीता देवी ने कहा कि सखी मंडल से जुड़कर गांव की महिलाएं आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त हुई हैं। सांसद प्रतिनिधि रंजीत मरांडी ने महिलाओं को लखपति दीदी बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं, बीपीएम पंकज कुमार वर्मा ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए संकुल की आमदनी बढ़ाने पर जोर दिया। मंच संचालन संकुल समन्वयक छायावती ने किया। मौके पर सचिव बड़की देवी, कोषाध्यक्ष गेंदिया देवी, संकुल कर्मी तन्नू एवं प्रीति समेत सदस्य, कैडर एवं अन्य महिलाएं उपस्थित थीं।






