रोजगार मेला में उमड़ी भारी भीड़
265 का हुआ चयन
आज एलबीएसएम कॉलेज में क्वैश कॉर्प लिमिटेड और एलबीएसएम कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वाधान में 'मेगा रोजगार मेला' आयोजित किया गया। इस अवसर पर रोजगार के आकांक्षी विद्यार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। लगभग 1150 लोग इस मेले में शामिल हुए।
इस अवसर पर 648 रिज्यूमे जमा किये गये। प्रतिभागियों में से 60 लोगों का टाटा मोटर्स प्लांट, सानंद के लिए, 140 का जमशेदपुर प्लांट में अप्रेंटिस ट्रेनी के लिए, 25 का धूत ट्रांसमिशन प्रा. लिमिटेड, छत्रपति संभाजी नगर, औरंगाबाद के लिए तथा 40 का एमआरएफ लिमिटेड, दहेज, गुजरात के लिए चयन किया गया है। साक्षात्कार और मेडिकल के उपरांत अंतिम रूप से चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी की जाएगी।
यह प्लेसमेंट भारत सरकार के क्वैश योजना की उपयोजना कौशल्या के अप्रेंटिसशिप सह स्वरोजगार के अंतर्गत है। इसके तहत चयनित छात्रों में से जमशेदपुर के बाहर जाने वालों को 19,000 से 21,000 स्टाइपेंड, आवास की व्यवस्था, दिन के भोजन, इंश्योरेन्स और मेडिकल की सुविधा के अतिरिक्त औद्योगिक प्रशिक्षण दी जाएगी। इसी तरह जमशेदपुर के टाटा प्लांट के तहत दिन के भोजन, यातायात की सुविधा, इंश्योरेंस, मेडिकल आदि के साथ-साथ 17,149 स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा।
यह मेगा रोजगार मेला क्वैश के एचआर हेड सुमित दत्ता (टाटा मोटर्स) के निर्देशन में हुआ, जिसमें ई-डिजीटल इंडिया ने भी सहयोग किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने क्वैश के एचआर हेड सुमित दत्ता को सम्मानित किया।
#माननीया कुलपति के मार्गनिर्देशन में मेगा रोजगार मेला का आयोजन संभव हुआ : अशोक कुमार झा
# मेगा रोजगार मेला में रोजगार के लिए 265 छात्रों का चयन हुआ: डॉ. अशोक कुमार झा
इस अवसर पर एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने माननीया कुलपति अंजिला गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गनिर्देशन में ही इतना बड़ा कार्य संपन्न हो पाया कि इतनी बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियांँ प्लेसमेंट के लिए एलबीएसएम कॉलेज पहुँची तथा 265 छात्रों का चयन किया। यह कॉलेज इसके लिए कृतसंकल्प है कि यहाँ के छात्रों को रोजगार के लिए भटकना न पड़े।
डॉ. अशोक कुमार झा ने छात्रों को योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि एलबीएसएम कॉलेज उनकी आजीविका के सवालों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहा है। हम चाहते हैं कि यहाँ पढ़ने वाला कोई छात्र बेरोजगार न रहे, इसीलिए यहाँ बार-बार प्लेसमेंट से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन होता है। उन्होंने कहा कि जो छात्र एसएससी, रेलवे, कैट या अन्य उच्च स्तरीय प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी में लगे हैं, उनके लिए यह योजना नहीं है बल्कि यह उनके लिए है जो अपना स्किल डेवलपमेंट करना चाहते हैं और शीघ्र नौकरी के इच्छुक है। उन्होंने यह भी बताया कि जो लोग बाहर जा रहे हैं, कंपनियांँ उनका झारखंड सरकार के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाएगी।
रोजगार मेला को सफल बनाने के लिए एक समिति बनाई गयी थी, जिसके संयोजक एलबीएसएम कॉलेज, प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. विजय प्रकाश, सहसंयोजक डॉ. अजेय वर्मा थे। समिति के सदस्यों में मौसमी पॉल, प्रो. बिनोद कुमार, डॉ. दीपंजय श्रीवास्तव, प्रो. विकास मुंडा,
प्रो. रितु, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. प्रशांत, प्रो. प्रमिला किस्कू, प्रो. शिप्रा बोयपाई शामिल थे।







