उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। नारायणपुर थाना पुलिस ने किशोरी अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए अपहृत किशोरी को देवघर जिले के जसीडीह से बरामद कर लिया। मामले में आरोपी युवक अतुल वेद मिश्रा को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी के अपहरण को लेकर 11 अगस्त को नारायणपुर थाना में कांड संख्या 145/2026 दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी मुराद हसन के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को किशोरी के जसीडीह में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे बरामद कर लिया और आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी अतुल वेद मिश्रा धनबाद के भूली का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी मुराद हसन, एसआई साकेत प्रताप देव और सशस्त्र बल के जवानों की भूमिका रही।







