मुड़ाबेड़िया पहुंची एसीबी की टीम, चौकीदार के घर-संपत्ति की जांच।
उदय किशोर सिंह जामताड़ा।
जामताड़ा जिला के कुंडहित प्रखंड़ के अंतर्गत बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), दुमका की टीम पहुंची। टीम ने बागडेहरी थाना में कार्यरत चौकीदार एवं मुड़ाबेड़िया निवासी शरद गोप उर्फ एनका के घर और संपत्ति की जांच की। एसीबी की टीम के गांव पहुंचते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार, दुमका एसीबी के इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम चौकीदार शरद गोप के आवास पर पहुंची और घर एवं संपत्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि पूर्व में चौकीदार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने को लेकर शिकायत सामने आई थी। लंबे अंतराल के बाद एसीबी की टीम द्वारा जांच किए जाने को उसी शिकायत से जोड़कर चर्चा की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय पत्रकारों द्वारा एसीबी अधिकारियों से कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों ने मामले को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की। इस कारण जांच की वास्तविक वजह और कार्रवाई से संबंधित आधिकारिक जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी।
बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार ने बताया कि दुमका एसीबी की टीम द्वारा मुड़ाबेड़िया निवासी चौकीदार शरद गोप के घर एवं संपत्ति की जांच किए जाने की सूचना उन्हें मिली है। हालांकि, जांच के संबंध में उन्हें भी कोई विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं है।
फोटो कैप्शन : मुड़ाबेड़िया में चौकीदार के घर के बाहर मौजूद एसीबी टीम का जवान।






