BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

एसआईआर में फर्जी प्रमाण पत्रों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने का आरोप, भाजपा ने मांगी उच्चस्तरीय जांच।


नारायणपुर में भाजपा की मासिक बैठक में संगठन विस्तार और एसआईआर की गतिविधियों की हुई समीक्षा।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। 
भारतीय जनता पार्टी ने जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड की मासिक बैठक सोमवार को चारघरा गांव में प्रखंड अध्यक्ष बलदेव हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण कुमार गुप्ता शामिल हुए। इस दौरान संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रही गतिविधियों और प्रखंडवार स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए तरुण कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान नारायणपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में फर्जी जाति, आवासीय और वंशावली प्रमाण पत्र तैयार कर बीएलओ के समक्ष जमा किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन प्रमाण पत्रों के आधार पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन की ओर से फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने और जमा करने के मामले में तीन लोगों को चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, लेकिन भाजपा की दृष्टि से यह कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। गुप्ता ने दावा किया कि प्रखंड के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में संदिग्ध प्रमाण पत्र जमा किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ऐसे लोगों ने भी कथित रूप से फर्जी आवासीय, जाति और वंशावली प्रमाण पत्र जमा किए हैं, जो दूसरे क्षेत्रों से आकर यहां दामाद के रूप में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने वाले लोगों तथा उन्हें जमा करने वालों की पहचान की जानी चाहिए। भाजपा नेता ने जिला प्रशासन से एसआईआर के दौरान जमा किए गए सभी प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने पर उसे तैयार करने वाले, जमा करने वाले और इसमें सहयोग करने वाले संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने वाले नेटवर्क का संबंध जामताड़ा के अलावा बिहार से भी हो सकता है। ऐसे में उन्होंने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच कर पूरे मामले और कथित नेटवर्क का पर्दाफाश करने की मांग की। बैठक में संजय मंडल, सुखदेव भंडारी, सुखदेव राय, वासुदेव यादव, अपना बास्की, दिनेश पांडेय, जितेंद्र मंडल समेत प्रखंड कमेटी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।