जामताड़ा में डीएलआरसी की बैठक, बैंकों को ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश
उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
जामताड़ा समाहरणालय सभागार में मंगलवार को त्रैमासिक जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति यानी डीएलआरसी की बैठक आयोजित हुई। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में हुई बैठक में केसीसी, ऋण-जमा अनुपात, किसान क्रेडिट कार्ड, जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, एसएचजी लिंकेज, मुद्रा लोन और पीएमएफएमई की समीक्षा की गई।
बैठक में बैंकों के ऋण-जमा अनुपात में खराब प्रदर्शन पर चिंता जताई गई। डीडीसी ने बैंकों को ऋण वितरण में तेजी लाने और अधिक से अधिक किसानों को केसीसी से जोड़ने का निर्देश दिया। आरबीआई प्रतिनिधि ने बताया कि तीन लाख रुपये तक के केसीसी ऋण का समय पर भुगतान करने वाले किसानों को शून्य ब्याज दर का लाभ मिल सकता है। बैंकों को किसानों को इसकी जानकारी देने को कहा गया।
वहीं, जिले के अनबैंक्ड क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां बैंकिंग सेवाएं मजबूत करने और पीएमएफएमई आवेदनों की स्वीकृति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।






