विजेता को 3 लाख, उपविजेता को 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार; उद्घाटन मुकाबले में दुमका ने दर्ज की शानदार जीत।
जीतपुर में फुटबॉल का रोमांच, खिताब के लिए 16 टीमें आमने-सामने,
जीतपुर में फुटबॉल का रोमांच, खिताब के लिए 16 टीमें आमने-सामने,
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। न्यू यंग स्टार कमेटी जीतपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान मुखिया सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष देवीसन हांसदा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला दुमका और रेलवे क्लब चितरंजन के बीच खेला गया। मैच को लेकर मैदान में दर्शकों की अच्छी भीड़ जुटी रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, दुमका की टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का परिचय देते हुए दो गोल से मुकाबला अपने नाम कर लिया। दुमका की जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी जीतपुर में फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने की होड़ देखने को मिल रही है। वहीं, दर्शक भी रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण इसका आकर्षक पुरस्कार है। आयोजकों के अनुसार फाइनल मुकाबले की विजेता टीम को 3 लाख रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार राशि को लेकर खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह है और सभी टीमें खिताब पर कब्जा जमाने के लिए मैदान में दमखम दिखा रही हैं।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी मुकाबलों को लेकर भी खेलप्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है।
मौके पर मंटू हेंब्रम, अनंत हांसदा, विमल हांसदा, बाबूजी किस्कू, वीरचांद हांसदा, मनोवा हांसदा, मानु राणा, सोनालाल हांसदा सहित कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।






