• स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है, रोज करें व्यायाम : डॉ. सुनील खवाड़े
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : शहर के करनीबाग स्थित गोल्ड जिम का तीसरा स्थापना दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी सह जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने दीप प्रज्वलित कर और केक काटकर किया। इस मौके पर जिम संचालक बबीता झा और अनुपम झा भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डॉ. खवाड़े ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहना सबसे बड़ी चुनौती है। स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम और संतुलित आहार बेहद जरूरी है। जिम आकर नियमित पसीना बहाना शरीर को फिट और मन को स्वस्थ रखता है।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिम सदस्यों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्ट्रेंथ चैलेंज, फंक्शनल चैलेंज, योगा, जुंबा और बॉक्सिंग शामिल थे। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र, शॉल और मेडल देकर सम्मानित किया।
महिला वर्ग में नमिता रंजन ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, वहीं तनिषा केसरी ने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। पुरुष वर्ग में सागर शेखर ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। इसके अलावा नवीन शर्मा, आयुष राज, प्रिया गुप्ता, निधि टिबरेवाल, कावेरी देवनाथ और दीप्तिशा मंडल ने भी विभिन्न वर्गों में पुरस्कार हासिल किए।
कार्यक्रम में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. रीता ठाकुर, डॉ. पूजा रॉय, विक्रम चौधरी, रितेश सिंह, सौरभ कुमार, नवीन सिंह, श्वेता सिंह, सुनील राव, रामजीवन कुमार, लालमणि, अमन कुमार, रेड क्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल, मनोज पाण्डेय, रोहित पांडेय, महेश राउत सहित बड़ी संख्या में जिम सदस्य और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।







