बेना खेल मैदान में बाउरी समाज का महासम्मेलन, एकजुटता और शिक्षा को बताया विकास का आधार।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। राष्ट्रीय बाउरी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले रविवार को जामताड़ा शहर के बेना खेल मैदान में बाउरी समाज महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में झारखंड के 13 जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल से करीब पांच हजार समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में बाउरी समाज के राष्ट्रीय प्रदेश अध्यक्ष रंजीत बाउरी, बाउरी संघर्ष मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण बाउरी, प्रदेश सचिव बारुण बाउरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दारा बाउरी समेत समाज के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाज के नेताओं ने युवाओं से अपनी भाषा, संस्कृति, इतिहास, पहचान और अधिकारों के संरक्षण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा समाज की मजबूती का आधार है। युवा पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाते हुए सामाजिक विकास के लिए सकारात्मक दिशा में काम करने की जरूरत है।
राष्ट्रीय प्रदेश अध्यक्ष रंजीत बाउरी ने कहा कि समाज की एकजुटता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को अपनी संस्कृति और इतिहास को जानने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। समाज के अधिकार और सम्मान के लिए संगठित होकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण बाउरी ने कहा कि समाज के युवा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और भाषा, संस्कृति एवं सामाजिक पहचान को बचाने के लिए एकजुट होकर आगे आएं। संगठन को मजबूत कर समाज के विकास के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
जिला कमेटी का हुआ गठन
महासम्मेलन के दौरान जामताड़ा जिला बाउरी समाज कमेटी का गठन किया गया। सुनील बाउरी को जिला अध्यक्ष, गौउर बाउरी को जिला सचिव, श्यामल बाउरी को कोषाध्यक्ष और मिताली बाउरी को महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में गौतम बाउरी, संतोष बाउरी, मनोज बाउरी, सचिन बाउरी, आकाश बाउरी, दयाल बाउरी, किशन बाउरी, गणेश बाउरी और आस्तिक बाउरी के नामों की घोषणा की गई।
मौके पर सागर बाउरी, पिंटू बाउरी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।






