BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चार साल से जर्जर है लालगढ़-लेड़वा-पथरौल सड़क, गड्ढों से हादसे का डर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर (देवघर) : मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र के लालगढ़ से लेड़वा स्कूल होते हुए पथरौल तक जाने वाली सड़क पिछले चार वर्षों से बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने बुधवार शाम बताया कि बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर चलना और भी जोखिम भरा हो जाता है। पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार बाइक सवार गड्ढों में फंसकर गिरकर घायल भी हो चुके हैं।

यह सड़क ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा काम पर जाने वाले लोगों का आना-जाना होता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी इस मार्ग से गुजरने में दिक्कत होती है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार मुखिया से लेकर प्रखंड और जिला प्रशासन तक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। केवल आश्वासन मिलता है, धरातल पर काम नहीं होता।

ग्रामीणों ने सरकार और पथ निर्माण विभाग से मांग की है कि लालगढ़-लेड़वा-पथरौल सड़क का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके और हादसों पर अंकुश लग सके।