BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जामताड़ा पुलिस में बड़ा फेरबदल, 16 पदाधिकारियों का तबादला,


जामताड़ा पुलिस में बड़ा फेरबदल, 16 पदाधिकारियों का तबादला,
साइबर अपराध पर शिकंजा कसने की तैयारी, साइबर थाना को मिले सात अधिकारी
उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।

जामताड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा लगातार बढ़ रही साइबर अपराध की चुनौती से निपटने के लिए पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत जिले के 16 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं नव पदस्थापन किया गया है। तबादले के बाद विभिन्न थानों के साथ-साथ साइबर अपराध थाना की पुलिस टीम को भी मजबूत किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार 9 पुलिस पदाधिकारियों को जिले के विभिन्न थानों में पदस्थापित किया गया है, जबकि साइबर अपराध से जुड़े मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने के उद्देश्य से 6 पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) और एक पुलिस निरीक्षक समेत कुल सात अधिकारियों को साइबर अपराध थाना भेजा गया है।
सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है। योगदान के बाद अनुपालन प्रतिवेदन संबंधित कार्यालय में जमा करना अनिवार्य किया गया है।
विभिन्न थानों को मिले नए अधिकारी
स्थानांतरण आदेश के तहत पुलिस अवर निरीक्षक जाहिद अंसारी को पुलिस केंद्र से जामताड़ा थाना भेजा गया है। वहीं अमृत कुमार राम को साइबर अपराध थाना से नारायणपुर थाना, वैभव सिंह को साइबर अपराध थाना से करमाटांड़ थाना और प्रकाश सेठ को साइबर अपराध थाना से मिहिजाम थाना पदस्थापित किया गया है।
इसी तरह पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार तिवारी को पुलिस केंद्र से फतेहपुर थाना, सहायक अवर निरीक्षक सुखनाथ भगत को पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना तथा सिद्धो सोरेन को पुलिस केंद्र से महिला थाना जामताड़ा भेजा गया है। मुन्ना कुमार सिंह को एसआईपीयू कार्यालय, सदर कोर्ट से नारायणपुर थाना और छोटेलाल कुमार को पुलिस केंद्र से मिहिजाम थाना में पदस्थापित किया गया है।
साइबर थाना में सात अधिकारियों की तैनाती
साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के लिए साइबर थाना की टीम में भी बड़ा इजाफा किया गया है। आदेश के अनुसार अमित कुमार को जामताड़ा थाना, कृष्णा कुमार को यातायात थाना, पुष्पेश्वर दास को साइबर अपराध थाना, गुलशन कुमार सिंह को मिहिजाम थाना, अनिल अभिषेक को बागडेहरी थाना तथा विकास कुमार तिवारी को करमाटांड़ थाना से साइबर अपराध थाना भेजा गया है।
इसके अलावा पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू को पुलिस केंद्र से साइबर अपराध थाना में पदस्थापित किया गया है। इस तरह साइबर थाना को कुल सात नए अधिकारियों की तैनाती मिली है।
लंबित साइबर मामलों के अनुसंधान में तेजी की उम्मीद
जामताड़ा में साइबर अपराध की चुनौती को देखते हुए पुलिस विभाग के इस फेरबदल को अहम माना जा रहा है। साइबर थाना में अधिकारियों की संख्या बढ़ने से आईटी एक्ट और साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी आने की उम्मीद है।
नए अधिकारियों की तैनाती से मामलों की जांच, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ लंबित मामलों के निष्पादन में भी पुलिस को अतिरिक्त मजबूती मिल सकती है।
जामताड़ा लंबे समय से साइबर अपराध के मामलों को लेकर देशभर में चर्चा में रहा है। ऐसे में पुलिस विभाग का यह प्रशासनिक फेरबदल साइबर अपराध के नेटवर्क पर प्रहार करने और जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।