BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

आजादी से पहले का मिट्टी का मकान बारिश में धंसा, परिवार के सामने आशियाने का संकट


उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा/फतेहपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच फतेहपुर प्रखंड के बारमेसिया गांव में आजादी से पहले का बना पुराना मिट्टी का मकान बुरी तरह धंस गया। मकान के क्षतिग्रस्त होने से उसमें रह रहे परिवार के सामने सुरक्षित आवास की चिंता खड़ी हो गई है। वहीं, पांच पीढ़ियों की स्मृतियों और पारिवारिक विरासत से जुड़े इस मकान के धंसने से ग्रामीणों में भी मायूसी है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मकान लुबिन महतो के समय में बनाया गया था। उनकी पांचवीं पीढ़ी की परपोती के दामाद रामकमल महतो अपने परिवार के साथ इसी घर में रह रहे थे। मकान काफी पुराना होने के बावजूद परिवार द्वारा हर वर्ष इसकी मरम्मत कराई जाती थी। वर्षों तक आंधी-बारिश झेलने के बाद इस बार लगातार बारिश के बीच मकान का मिट्टी का ढांचा कमजोर होकर धंस गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले वर्ष पीडब्ल्यूडी की ओर से भेलाडंगल से बिंदापाथर तक सड़क का निर्माण कराया गया था। सड़क से निकलने वाले पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण मकान के आसपास जलजमाव बना रहा। उनका कहना है कि लगातार पानी जमा रहने से मिट्टी कमजोर हुई और मकान धंसने की स्थिति बनी। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क का लेवल सही रखने के साथ जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होती तो संभवतः ऐसी स्थिति नहीं आती।
द्वारिका महतो, जयराम महतो, बबलू महतो, प्रदीप महतो, सनोज महतो, त्रिलोचन महतो, संतोष महतो और रोहित महतो समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा सड़क के पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।